GW2RU
GW2RU

डिजिटल रूबल: रूस की नई करेंसी से जुड़े 4 सवाल

Pelagiya Tikhonova / Sputnik
यह क्या है, कहाँ से मिलेगा, इससे भुगतान कैसे करें और इसे किन चीज़ों पर खर्च करें।

1 सितंबर, 2026 से रूस में डिजिटल रूबल से भुगतान करना आधिकारिक रूप से शुरू हो गया है। आम जनता और बिज़नेस के लिए इसका क्या अर्थ है? हमने सभी अहम जानकारियाँ इकट्ठा की हैं।

  1. डिजिटल रूबल क्या है?
Pelagiya Tokhonova / Sputnik

डिजिटल रूबल राष्ट्रीय मुद्रा का तीसरा रूप है (नकद और कैशलेस भुगतान के साथ)। सबसे बड़ा फर्क यह है कि हर डिजिटल रूबल की अपनी एक पहचान संख्या होती है और उस रूबल से जुड़े सभी लेन-देन को ट्रैक किया जा सकता है।

‘मोनोकल’ मैगज़ीन की इकोनॉमिक्स एडिटर येवगेनिया ओबुखोवा बताती हैं: "उदाहरण के लिए, किसी कंपनी को किसी खास कॉन्ट्रैक्ट के लिए सरकारी बजट से पैसे मिलते हैं और फिर यह ट्रैक करना मुमकिन हो जाता है कि कंपनी ने असल में सब-कॉन्ट्रैक्टर को पैसे दिए, सैलरी दी या सामान खरीदा,"।

कैशलेस भुगतानों के विपरीत, डिजिटल रूबल जारी करने वाले कमर्शियल बैंक नहीं, बल्कि रूस का सेंट्रल बैंक है। सेंट्रल बैंक इस बात पर ज़ोर देता है कि यह ख़ास तौर पर भुगतान का ज़रिया है। और इसलिए फिलहाल के लिए डिजिटल रूबल से डिपॉज़िट अकाउंट नहीं खोले जा सकते, कैशबैक नहीं मिल सकता या लोन नहीं लिए जा सकते। ये सारे काम आज भी कमर्शियल बैंकों के दायरे में ही हैं।

  1. डिजिटल रूबल की ज़रूरत क्यों है?

"राज्य के लिए, यह बजटीय धन को नियंत्रित करने का एक ज़रिया है," येवगेनिया ने बताया। "और आम आदमी के लिए, यह सामान के भुगतान का बस एक और तरीका है।"

रूसी स्टेट ड्यूमा की फाइनेंशियल मार्केट कमेटी के चेयरमैन अनातोली अक्साकोव का कहना है, "डिजिटल रूबल से सभी स्तरों पर बजट खर्च की क्षमता और उस पर कंट्रोल बेहतर होगा। इसमें कॉन्ट्रैक्टर्स की पूरी चेन से लेकर आखिरी कंज्यूमर तक फंड के बँटवारे पर भी नज़र रखी जा सकेगी।

"पिछले कुछ सालों में डिजिटल करेंसी एक ग्लोबल ट्रेंड बन गई हैं" येवगेनिया बताती हैं। नाइजीरिया, बहामास और चीन में ऐसा अनुभव मौजूद है। यूरोपीय और अमेरिकी देश भी इसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।"

  1. डिजिटल रूबल का इस्तेमाल कैसे करें?
Sergei Bulkin / TASS

अभी, सिर्फ़ वे वयस्क रूसी नागरिक जिनका 'Gosuslugi' (रूसी सरकार का आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल) प्लेटफ़ॉर्म पर वेरिफ़ाइड अकाउंट है, वे ही बैंक ऑफ़ रूस के प्लेटफ़ॉर्म पर डिजिटल वॉलेट खोल सकते हैं। आप इस प्रोग्राम में शामिल किसी भी रूसी बैंक के ऐप के ज़रिए डिजिटल वॉलेट खोल सकते हैं।

बाहर से देखने पर डिजिटल रूबल अकाउंट आम अकाउंट जैसा ही लगता है, बस फ़र्क इतना है कि यह किसी विशेष बैंक से जुड़ा नहीं होता। डिजिटल रूबल से लेन-देन वैसे ही होता है जैसे नॉन-कैश रूबल से होता है।

फिलहाल, आप अपने डिजिटल वॉलेट में महीने में 300,000 रूबल (करीब 3,500 डॉलर) तक जोड़ सकते हैं। कानूनी संस्थाओं के लिए कोई सीमा नहीं है।

अगर आपको नकद चाहिए, तो पहले डिजिटल रूबल को वापस अपने कैशलेस बैंक अकाउंट में ट्रांसफर करना होगा और फिर एटीएम से पैसे निकालने होंगे।

लोगों के बीच पैसे ट्रांसफर करना मुफ़्त है: आप खुद को, दोस्तों या परिवार को पैसे भेज सकते हैं। ट्रांसफर पर कोई सीमा नहीं है। दुकानों में, आप QR कोड की मदद से डिजिटल रूबल से भुगतान कर सकते हैं: आपका बैंकिंग ऐप आपको फास्टर पेमेंट्स सिस्टम (SBP) या डिजिटल रूबल से भुगतान का विकल्प देगा।

बिज़नेस के लिए, 2026 के अंत तक कोई ट्रांजैक्शन फीस नहीं है। उसके बाद, जैसा कि बैंक ऑफ रशिया वादा करता है, फीस मॉडर्न पेमेंट मार्केट में सबसे कम होगी।

  1. डिजिटल रूबल कितना सुरक्षित है?

डिजिटल वॉलेट को अतिरिक्त सुरक्षा उपायों और पासवर्ड की मदद से सुरक्षित किया जाता है। उपयोगकर्ता इस डिजिटल वॉलेट का इस्तेमाल किसी कमर्शियल बैंक के ऐप से करते हैं, मगर यह पैसा उस बैंक से जुड़ा नहीं होता। इसका मतलब यह है कि अगर ठग आपके बैंक अकाउंट तक पहुँच भी जाएँ, तो डिजिटल वॉलेट सुरक्षित बना रहता है।

इसके अलावा, डिजिटल रूबल का इस्तेमाल करके ठगी करना लगभग बेकार है: हर ट्रांजैक्शन पर कभी भी नज़र रखी जा सकती है।

साथ ही, अगर कोई कमर्शियल बैंक दिवालिया हो जाता है, तो भी डिजिटल वॉलेट सुरक्षित रहेगा – आप किसी दूसरे बैंक के ज़रिए इसे एक्सेस कर पाएँगे।

और पढ़ें