रूस के 10 नए संग्रहालय – आपकी विज़िट लिस्ट में ज़रूर शामिल करें
1. त्रेत्याकोव गैलरी ब्रांच, कैलिनिनग्राद
देश के प्रमुख संग्रहालयों में से एक की नई शाखा 2025 की गर्मियों में ओक्ट्याब्रस्की द्वीप पर खुली। अब, रूसी ललित कला, जिसके लिए त्रेत्याकोव गैलरी प्रसिद्ध है, कैलिनिनग्राद के निवासियों और आगंतुकों के मध्य होगी । यह स्थान गैलरी के संग्रह की प्रमुख प्रदर्शनियों, संगीत कार्यक्रमों और फिल्म स्क्रीनिंग का आयोजन करता है।
इसके अलावा, गैलरी में एक बाल संग्रहालय भी है, जहाँ आगंतुक कम उम्र से ही कला को समझना सीख सकते हैं, साथ ही गैलरी के इतिहास को समर्पित एक मल्टीमीडिया हॉल भी है।
2. प्लैनेट ओशन (Ocean Museum), कैलिनिनग्राद
पिछली गर्मियों की एक और बड़ी उपलब्धि कैलिनिनग्राद में विश्व महासागर संग्रहालय की नई बिल्डिंग थी। ‘प्लैनेट ओशन’ एक विशाल कांच का गोला है जिसका व्यास 42 मीटर है, जिसमें महासागर को समर्पित एक प्रदर्शनी और शैक्षिक केंद्र स्थित है। सात मंजिलों में फैले इस केंद्र में एक एक्वेरियम, वैज्ञानिक प्रयोगशालाएँ, प्रदर्शनी हॉल और एक पुस्तकालय शामिल हैं।
3.ज़िलार्ट म्यूज़ियम, मॉस्को
यह निजी संग्रहालय कलेक्टर्स आंद्रेई और एलिज़ावेता मोल्चानोव के संग्रह पर आधारित है, जिसे पिछले 25 वर्षों में एकत्रित किया गया है और अब इसमें 8,000 से अधिक कलाकृतियाँ शामिल हैं। पाँच मंजिलों में फैले इस संग्रहालय में, आगंतुक विभिन्न प्रकार की प्रदर्शनियाँ देख सकते हैं, जो वर्ष में कई बार बदलती रहती हैं। ये सभी प्रदर्शनियाँ कलेक्टर्स के विविधतापूर्ण संग्रह से तैयार की जाती हैं, जिसमें आधिकारिक और गैर-आधिकारिक सोवियत कला, समकालीन पश्चिमी और रूसी कला, फोटोग्राफी और यहाँ तक कि 19वीं–20वीं सदी की अफ्रीकी मूर्तिकला का एक संग्रह भी शामिल है।
4. म्यूज़ियम ऑफ़ नेवल ग्लोरी, क्रोनश्ताड्ट
क्रोनश्ताड्ट में स्थित यह नया संग्रहालय 'आइलैंड ऑफ़ फोर्ट्स' क्लस्टर का हिस्सा बन गया है। इस संग्रहालय का केंद्रबिंदु प्रामाणिक K-3 'लेनिन्स्की कोम्सोमोल' परमाणु पनडुब्बी है, जो पहली सोवियत परमाणु पनडुब्बी थी। इसे एक विशेष रूप से निर्मित कक्ष में रखा गया है, जहाँ आगंतुक न केवल पनडुब्बी को बाहर से देख सकते हैं, बल्कि अंदर जाकर इसके डिब्बों और युद्ध चौकियों (बैटल स्टेशनों) को भी देख सकते हैं।
5. पर्म आर्ट गैलरी एट द श्पागिन फ़ैक्टरी
2025 के अंत में, पर्म आर्ट गैलरी श्पागिन फ़ैक्टरी की एक नई बिल्डिंग में शिफ्ट हो गई। इसमें रूस के सबसे पुराने और सबसे बड़े कला संग्रह है, जिसमें 53,000 से अधिक प्रदर्शनियाँ शामिल हैं, जिनमें प्रसिद्ध पर्म काष्ठ मूर्तियाँ, स्ट्रोगनोव चित्रकला और ज़रदोज़ी(सोने की कढ़ाई) शामिल हैं। गैलरी में 18वीं–20वीं शताब्दी की रूसी कला के साथ-साथ सज्जा कला और व्यावहारिक कला के विदेशी उदाहरणों का भी व्यापक संग्रह है। वहीं, यह नई इमारत एक पूर्व लोकोमोटिव मरम्मत संयंत्र की साइट पर स्थित एक बड़े सांस्कृतिक स्थान का हिस्सा बन गई है।
6. त्रेत्याकोव गैलरी इन समारा
समारा में त्रेत्याकोव गैलरी एक अद्वितीय कंस्ट्रक्टिविस्ट स्मारक – मास्लेनिकोव संयंत्र की फैक्ट्री-किचन बिल्डिंग में स्थित है, जो हथौड़े और हंसिए के आकार में निर्मित है। 2024 में पूरे हुए पुनर्निर्माण के बाद, फैक्ट्री ने अपना मूल स्वरूप पुनः प्राप्त कर लिया। प्रदर्शनी हॉल लगभग 2,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैले हुए हैं। पहली मंजिल पर फ़ैक्ट्री-किचन की अनोखी परिघटना पर आधारित एक प्रदर्शनी है। इस शाखा में एक शैक्षिक केंद्र, एक सिनेमा, मल्टीमीडिया संसाधनों वाला एक पुस्तकालय, एक गिफ्ट शॉप और एक कैफे भी है।
7. त्रेत्याकोव गैलरी बिल्डिंग ऑन कदाशेव्स्काया एम्बैंकमेंट, मॉस्को
2024 में, त्रेत्याकोव गैलरी की ऐतिहासिक बिल्डिंग के ठीक बगल में एक नई बिल्डिंग खुली। इसमें प्रदर्शनी हॉल हैं, साथ ही पेंटिंग, ग्राफिक्स और मूर्तियों के लिए पुनर्स्थापना कार्यशालाएँ भी हैं। यहाँ एक वैज्ञानिक फोटो संग्रहालय (फोटो आर्काइव) भी है। एम्बैंकमेंट की ओर खुला केन्द्रीय प्रांगण अब एक बहुप्रयोजन सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित हो चुका है। बिल्डिंग के बाहरी अग्रभागों (फ़ेसेड) पर आगंतुक रूसी कलाकारों की 34 कलाकृतियों की प्रतिकृतियाँ देख सकते हैं।
8. 'न्यू केर्सोनीसस' म्यूज़ियम कॉम्प्लेक्स, सेवास्तोपोल
यह सिर्फ एक संग्रहालय नहीं है, बल्कि एक विशाल ऐतिहासिक और पुरातात्विक पार्क है, जो 2024 की गर्मियों में खुला। यह प्राचीन केर्सोनीसस पर स्थित है। इस म्यूज़ियम कॉम्प्लेक्स में ईसाई धर्म का संग्रहालय, प्राचीन सभ्यता और बीजान्टिन साम्राज्य का संग्रहालय, और क्रीमिया व नोवोरोसिया का संग्रहालय भी शामिल हैं। यहाँ की इंटरैक्टिव प्रदर्शनियाँ आगंतुकों को अतीत में डूब जाने और इस स्थान के इतिहास को जानने का मौका देती हैं।
9. 'मास्लोव्का। आर्टिस्ट्स टाउन' म्यूज़ियम सेंटर, मॉस्को
यह संग्रहालय 2025 में प्रसिद्ध 'आर्टिस्ट्स टाउन' (कलाकारों का शहर) में खुला। यह जगह और कुछ नहीं, बल्कि वेरख़न्याया मास्लोव्का स्ट्रीट पर स्थित कलाकारों की वर्कशॉप का एक समूह है, जहाँ सोवियत ज़माने में मूर्तिकार और चित्रकार रहते और काम करते थे। यह नया संग्रहालय इसी जगह के इतिहास को समर्पित है। यहाँ आगंतुक मेमोरेबिलिया, तस्वीरें और कलाकृतियाँ देख सकते हैं। इसके अलावा, यहाँ अस्थायी प्रदर्शनियाँ भी लगती हैं, जो उन कलाकारों की विरासत को समर्पित होती हैं, जिन्होंने यहाँ जीवन बिताया और अपनी कला का सृजन किया।
10. पर्म म्यूज़ियम ऑफ़ कंटेम्पररी आर्ट, पर्म (PERMM)
यह मास्को और सेंट पीटर्सबर्ग के अलावा रूस के सबसे मशहूर समकालीन कला संग्रहालयों में से एक है। इसकी स्थापना 2009 में हुई थी और 2023 के अंत में यह क्रिसानोवा स्ट्रीट पर स्थित अपनी नई और स्थायी बिल्डिंग में शिफ्ट हो गया।
इस संग्रहालय के संग्रह में 20वीं और 21वीं सदी के कलाकारों और मूर्तिकारों की 1,500 से अधिक कलाकृतियाँ शामिल हैं, जिनमें निकोलाई पोलिस्की (जिन्होंने 'निकोला लेनिवेट्स आर्ट पार्क' की स्थापना की) भी शामिल हैं। यह संग्रहालय शहर भर में आर्ट इंस्टॉलेशन के लिए भी मशहूर है, जिनमें बोरिस मात्रोसोव का 'हैप्पीनेस इज़ जस्ट अराउंड द कॉर्नर' प्रमुख है।