रूस का स्टूडेंट वीज़ा कैसे प्राप्त करें

Hispanolistic / Getty Images
Hispanolistic / Getty Images
अगर आपने किसी रूसी यूनिवर्सिटी में एडमिशन लिया है या रूसी भाषा सीखने के प्रोग्राम में शामिल होना चाहते हैं, तो आप स्टूडेंट वीज़ा के लिए आवेदन कर सकते हैं। आइए समझते हैं कि यह प्रक्रिया कैसे काम करती है।

रूस में पढ़ाई करने के लिए विदेशी छात्रों को वीज़ा की ज़रूरत होती है। यहां तक कि अगर आपके देश का रूस के साथ वीज़ा-फ्री समझौता है, तब भी पढ़ाई के लिए स्टूडेंट वीज़ा लेना जरूरी है।

सलाह दी जाती है कि अकादमिक साल शुरू होने से काफी पहले वीज़ा के लिए आवेदन कर दें।

  1. यूनिवर्सिटी से इनविटेशन लेटर पाएं

सबसे पहले आपको उस यूनिवर्सिटी से आधिकारिक निमंत्रण प्राप्त करना होगा, जहां आप पढ़ाई करेंगे। यह निमंत्रण अधिकतम तीन महीने पहले जारी किया जा सकता है और इसकी वैधता 90 दिनों तक होती है।

अगर आपको रूस सरकार की स्कॉलरशिप या कोटा के तहत एडमिशन मिला है, तो निमंत्रण रूसी विदेश मंत्रालय जारी करेगा और सीधे आपके शहर के रूसी वाणिज्य दूतावास को भेजा जाएगा।

  1. वीज़ा के लिए कहां आवेदन करें?
Motortion / Getty Images
Motortion / Getty Images

आप अपने देश में स्थित रूसी दूतावास या वाणिज्य दूतावास में आवेदन कर सकते हैं। आवेदन रूस आने से 45 दिन पहले तक किया जा सकता है। इसके लिए पहले से अपॉइंटमेंट लेना होगा। रूसी विदेश मंत्रालय की वेबसाइट पर अपने देश के कॉन्सुलेट की लिस्ट देखें।

दूतावास जाने से पहले ये दस्तावेज़ तैयार रखें:

  • यूनिवर्सिटी का निमंत्रण
  • पासपोर्ट या अन्य यात्रा दस्तावेज़, जिसकी वैधता वीज़ा शुरू होने की तारीख से कम-से-कम 1.5 साल हो और जिसमें कम-से-कम दो खाली पन्ने हों
  • भरा हुआ वीज़ा आवेदन फॉर्म
  • 3.5×4.5 सेमी की एक फोटो
  • हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी (अगर वीज़ा 90 दिनों तक का हो)
  • HIV-नेगेटिव प्रमाणपत्र (अगर वीज़ा 90 दिनों से अधिक का हो)
  • अगर छात्र नाबालिग है, तो माता-पिता की लिखित अनुमति भी जरूरी होगी।

सभी व्यक्तिगत जानकारी, तारीखों और दस्तावेज़ों को ध्यान से जांच लेना चाहिए।

  1. स्टूडेंट वीज़ा कितने समय के लिए जारी होता है?
FatCamera / Getty Images
FatCamera / Getty Images

पहला वीज़ा सिंगल-एंट्री होता है और तीन महीने के लिए वैध रहता है। रूस पहुंचने के बाद इसे बढ़ाया जा सकता है। इसमें यूनिवर्सिटी का इंटरनेशनल स्टूडेंट विभाग मदद करता है। वीज़ा समाप्त होने से कम-से-कम 30 दिन पहले उनसे संपर्क करना चाहिए।

दूसरा वीज़ा एक साल के लिए जारी किया जाता है और इससे आप रूस से बाहर भी यात्रा कर सकते हैं। हालांकि, हर साल वीज़ा बढ़ाना होगा।

एक्सपायर वीज़ा के साथ रूस में रहने पर जुर्माना लग सकता है या गंभीर स्थिति में निर्वासन और पांच साल तक दोबारा प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है।

  1. रूस पहुंचने के बाद माइग्रेशन रजिस्ट्रेशन कराना होगा

सभी विदेशी छात्रों को रूस पहुंचने के एक सप्ताह के भीतर माइग्रेशन रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी है।

आमतौर पर यूनिवर्सिटी इसमें मदद करती है। अगर आप हॉस्टल में रहते हैं, तो वहीं आपका रजिस्ट्रेशन होगा। अगर किराए के मकान में रहते हैं, तो मकान मालिक की अनुमति और रेंट एग्रीमेंट देना होगा।

रूस में प्रवेश करते समय, पासपोर्ट जांच से पहले आपको एक माइग्रेशन कार्ड दिया जाएगा। इसे भरकर पूरे समय अपने पास रखना होगा। यही कार्ड रजिस्ट्रेशन के लिए भी जरूरी है।

अगर आप रूस छोड़कर दोबारा आते हैं, तो नया माइग्रेशन कार्ड भरना होगा।

आमतौर पर माइग्रेशन रजिस्ट्रेशन की वैधता आपके स्टूडेंट वीज़ा की अवधि के बराबर होती है। लेकिन अगर आप वीज़ा बढ़ाते हैं या रूस के भीतर या बाहर यात्रा करते हैं, तो दोबारा रजिस्ट्रेशन कराना होगा।

इसके अलावा, रूस पहुंचने के 90 दिनों के भीतर मेडिकल जांच भी करानी होती है। इसकी जानकारी यूनिवर्सिटी से मिल जाएगी।

  1. अगर दस्तावेज़ खो जाएं

अगर माइग्रेशन कार्ड खो जाता है, तो छात्र को तीन दिनों के भीतर रूसी आंतरिक मंत्रालय के माइग्रेशन विभाग से संपर्क करना होगा। ऑफिस की लिस्ट उनकी वेबसाइट पर मिल जाएगी। अगर बाकी दस्तावेज़ सही हैं, तो उसी दिन मुफ्त में नया कार्ड जारी किया जा सकता है।

माइग्रेशन नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना लगाया जा सकता है। दो बार प्रशासनिक उल्लंघन होने पर छात्र को देश से निकाला भी जा सकता है और तीन साल तक रूस में प्रवेश पर रोक लग सकती है।

  1. क्या स्टूडेंट वीज़ा पर काम किया जा सकता है?
blackCAT / Getty Images
blackCAT / Getty Images

आधिकारिक रूप से काम करने के लिए आमतौर पर वर्क परमिट या पेटेंट की जरूरत होती है। हालांकि, कुछ विदेशी छात्रों को बिना अतिरिक्त अनुमति के काम करने की छूट है:

  • छुट्टियों के दौरान काम करने वाले छात्र
  • अपने शिक्षण संस्थान में पढ़ाई के खाली समय में काम करने वाले छात्र
  • राज्य-मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी में फुल-टाइम पढ़ाई करने वाले छात्र, जो पढ़ाई के साथ काम करते हैं

अन्य जानकारी:

अगर आप किसी मान्यता प्राप्त सरकारी यूनिवर्सिटी में फुल-टाइम छात्र हैं, तो आप ‘शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए अस्थायी निवास परमिट’ (TRPE) प्राप्त कर सकते हैं। इससे नौकरी, लंबी अवधि का वीज़ा, मुफ्त चिकित्सा सुविधा और आगे चलकर रेजिडेंस परमिट पाने में आसानी होती है।

सावधान! अगर छात्र को यूनिवर्सिटी से निकाल दिया जाता है या वह अकादमिक अवकाश लेता है, तो उसका स्टूडेंट वीज़ा तुरंत रद्द हो जाता है।

हम यह भी सलाह देते हैं कि आप अपनी यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर वीज़ा और प्रवेश से जुड़ी विस्तृत जानकारी जरूर पढ़ें।

और पढ़ें