रूसी लोग सब्ज़ियों को डेज़र्ट में कैसे बदलते हैं — 5 उदाहरण
1. गाजर का जैम
गाजर का जैम बनाने के लिए गर्मियों का इंतज़ार नहीं करना पड़ता। पुराने ज़माने में इसे पतझड़ में सर्दियों के लिए बनाकर रखा जाता था। बसंत में भी बनता था, जब तहखानों को नई फसल के लिए जगह बनाने के लिए खाली किया जाता था। पहले इसे शहद के साथ पकाया जाता था, लेकिन समय के साथ, चीनी ने इसकी जगह ले ली। येलेना मोलोखोवेत्स की कुकबुक में इस डेज़र्ट की कई रेसिपी हैं। सबसे आसान और सबसे पॉपुलर रेसिपी नींबू के रस और ज़ेस्ट से बनाई जाती है।
इसे कैसे बनाएँ: 1 किलो गाजर छीलकर गोल या लंबी-लंबी काट लें। पानी में उबालें जब तक कि वे नरम न हो जाएँ। 500 ग्राम चीनी से चाशनी बनाएँ, उसे गाजर पर डालें और तब तक पकाएँ जब तक कि पानी साफ़ न दिखने लगे। फिर उसमें नींबू का रस और बारीक कटा हुआ नींबू का छिलका डालें।
2. कद्दू का जैम
कद्दू का इस्तेमाल सिर्फ पैनकेक, सूप और दलिया बनाने के लिए नहीं होता, बल्कि यह डेज़र्ट के लिए भी बहुत अच्छा है।
इसे कैसे बनाएँ: 1 किलो कद्दू छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लें, एक नींबू का छिलका डालें और 800 ग्राम चीनी से ढक दें। फिर इसे थोड़ी देर के लिए छोड़ दें ताकि वह अच्छे से मिल जाए। चाशनी बनाएँ, उसमें नींबू (या चाहें तो सेब) डालें और तब तक पकाएँ जब तक कि कद्दू नरम न हो जाए। तीखेपन और अच्छी महक के लिए के लिए आप इलायची, लौंग और दालचीनी भी डाल सकते हैं।
3. खीरे का जैम
सुज़दल इस जैम के लिए मशहूर है। इस प्राचीन और ऐतिहासिक शहर में लंबे समय से खीरे उगाए जाते रहे हैं और यहाँ के लोगों ने उन्हें सिर्फ सलाद और नींबू पानी में ही नहीं, बल्कि मीठे व्यंजनों में भी इस्तेमाल करना सीख लिया है। इस जैम के लिए, खीरे की मीठी वैरायटी चुनें – कड़वी काम नहीं करेगी। नतीजा एक ऐसी डेज़र्ट है जिसका स्वाद अनोखा और रंग डार्क ग्रीन होता है। इसे कई बार अलेक्सांद्र पुश्किन के पसंदीदा आंवले के जैम जैसा समझ लिया जाता है।
इसे कैसे बनाएँ: 1 किलो खीरे छीलें, बीज निकालें, छोटे टुकड़ों में काटें, चीनी डालें और तब तक छोड़ दें जब तक वे अपना रस न छोड़ दें। फिर मध्यम आँच पर एक उबाल लाएँ और धीमी आँच पर 20 मिनट तक पकाएँ। इसके बाद, चाहें तो नींबू का रस डाल सकते हैं और 15-20 मिनट और पकाएँ, जब तक कि खीरे पारदर्शी न हो जाएँ।
4. मूली का जैम
इस सब्जी से बनने वाली सबसे आम और किफायती डेज़र्ट की रेसिपी में सूखी और पीसी हुई मूली का इस्तेमाल होता है, जिसे गुड़ या शहद और मसालों के साथ धीमी आँच पर पकाया जाता था। लंबे समय तक पकाने के बाद यह एक गाढ़ा डेज़र्ट बन जाता था, जिसे 'मज़्युन्या' कहा जाता था। लेकिन, मूली के जैम की एक क्लासिक रेसिपी भी है।
इसे कैसे बनाएँ: काली मूली को कद्दूकस करें, उसका रस निकालें और उसमें संतरे के फूलों का पानी डालें। इसे कुछ दिनों के लिए छोड़ दें जब तक कि मूली में संतरे जैसी अच्छी खुशबू न आ जाए। फिर उसे चीनी की चाशनी में तब तक पकाएँ जब तक वह नरम और मुलायम न हो जाए।
5. रूबर्ब का जैम
रूबर्ब से कॉम्पोत, किसल और यहाँ तक कि बोर्श सूप भी बनता है – तो इससे जैम क्यों न बनाया जाए? यह हरे-गुलाबी रंग के डंठलों से बनता है, जो सेलरी जैसे लगते हैं। नतीजा एक ताज़गी भरी और हल्की खटास वाली डेज़र्ट है।
इसे कैसे बनाएँ: 1 किलो रूबर्ब के डंठलों का बाहरी छिलका उतारें और उन्हें छोटे टुकड़ों में काट लें। 1 किलो चीनी डालें, अच्छे से मिलाएँ और कुछ घंटों के लिए छोड़ दें जब तक कि डंठलों से रस न निकल आए। फिर उबाल लें, झाग हटाएँ और ठंडा होने के लिए आँच से उतार लें। इसके बाद फिर से उबालें और ठंडा होने दें। आप "पाँच-मिनट" वाला रूबर्ब का जैम भी बना सकते हैं – दो बार उबाल लाएँ, हर बार झाग हटाएँ, और फिर धीमी आँच पर पाँच से सात मिनट तक पकाएँ।