त्वेर में एक मस्जिद और एक कैथोलिक चर्च एक-दूसरे के बगल में कैसे बने?
आज यह शहर का केंद्र है, लेकिन 20वीं सदी की शुरुआत में यह शहर के बाहरी इलाके में था – इसलिए वहाँ नॉन-ऑर्थोडॉक्स चर्च बनाने की अनुमति दी गई।
1850 के दशक में त्वेर में एक लूथरन चर्च बना था (जो अब नहीं है), इसलिए जल्द ही आसपास के शहरों के कैथोलिकों ने कैथोलिक चर्च बनाने के लिए पैसे जुटाने शुरू कर दिए। और 1864 में चर्च बनकर तैयार हो गया।
19वीं सदी के आखिर तक, इस मामूली से पहले कैथेड्रल में 1500 लोग आते थे: ज़्यादातर जर्मन, पोलिश और बाल्ट्स थे। इसमें एक ऑर्गन और एक बड़ी लाइब्रेरी थी। लेकिन, सोवियत काल में, चर्च बंद कर दिया गया और 1974 में, बिल्डिंग गिरा दी गई।
1990 के दशक में, इस धार्मिक समुदाय को फिर से पुनर्जीवित किया गया और उसी जगह पर ‘प्रभु के रूपांतरण’ को समर्पित एक नया ईंट का चर्च बनाया गया।
1906 से यहाँ एक मस्जिद ठीक सामने खड़ी है। 1905 में, निकोलस II ने “सर्वधर्म समभाव के सिद्धांतों को मज़बूत करने” का एक आदेश जारी किया। इसके बाद, त्वेर के कई मुसलमानों (ज़्यादातर तातार) को भी नमाज़ के लिए जगह मिल गई। सम्राट ने इसे बनाने के लिए खुद भी काफ़ी पैसे दान किए।
नियो-मूरिश शैली में बना यह मस्जिद कैथोलिक चर्च के मुकाबले ज़्यादा सालों तक बचा रहा। सोवियत दौर में भी यह बिल्डिंग खड़ी रही, हालाँकि कई सालों तक इसमें वोस्तोक रेस्टोरेंट चलता था और धार्मिक गतिविधियाँ बंद थीं।
त्वेर में 1849 में एक लूथरन चर्च भी बना था, जिसका ज़िक्र हम पहले कर चुके हैं। इसका धार्मिक समुदाय भी बहुत बड़ा था, जहाँ आस-पास के सभी शहरों से, खासकर जर्मन और एस्टोनियाई लोग, पूजा करने आते थे। लेकिन यह शानदार चर्च सौ साल से कुछ थोड़ा ही अधिक टिका रहा – 1966 में इसे गिरा दिया गया और इसकी जगह रीजनल पार्टी कमेटी के लिए एक बिल्डिंग बनाई गई।
वैसे, यहाँ से कुछ ही दूर एक यहूदी उपासनागृह भी है, जो 1911 में बना था। सोवियत काल में इसमें एक पुलिस स्टेशन चलता था, लेकिन आज यहूदी समुदाय को वहाँ फिर से अपनी जगह मिल गई है।