मशहूर 'सोयुज़्मुल्तफ़िल्म' स्टूडियो वर्तमान में क्या प्रोड्यूस कर रहा है?
एनिमेटेड फ़्रेंचाइज़
स्टूडियो का 'गोल्डन कलेक्शन', यानी सोवियत ज़माने के मल्टी-एपिसोड वाले प्रोजेक्ट्स, को नए सिरे से लॉन्च कर दिया गया है। 'सोयुज़्मुल्तफ़िल्म' स्टूडियो का मानना है कि फेवरेट किरदारों वाले नए एपिसोड लाने से वयस्क और उनके बच्चे एक समान सांस्कृतिक जुड़ाव महसूस कर सकते हैं।
मिसाल के तौर पर, एनिमेटेड सीरीज़ 'प्रोस्तोकवाशिनो' 2018 से प्रसारित हो रही है। इसके मुख्य किरदार वही हैं जो एडुआर्ड उसपेंस्की की किताबों पर बने सोवियत कार्टूनों में थे – 'अंकल फ्योदोर' नाम का लड़का, एक कुत्ता 'शारिक' और एक बिल्ली 'मैत्रोस्किन'। मूल कहानी में मुख्य किरदार शहर से गाँव भाग जाता है और वहाँ उसके दिलचस्प कारनामे होते हैं। नई 'प्रोस्तोकवाशिनो' आज के समय पर आधारित है।
अब अंकल फ्योदोर की एक छोटी बहन भी है। बातूनी मैगपाई के साथ 'तामा-तामा' नाम का एक चूहा जुड़ गया है, और मैत्रोस्किन व शारिक किसान बन गए हैं। सात सीज़न आ चुके हैं। ओलेग तबाकोव, जिन्होंने मैत्रोस्किन की आवाज़ दी थी, उन्होंने उस कार्टून में जान डाल दी। नए एपिसोड में इस बिल्ली को आवाज़ उनके बेटे एंतोन देते हैं।
एक और मशहूर फ़्रेंचाइज़, 'वेल, जस्ट यू वेट!', 1969 से 1993 तक चली। 2000 के दशक में इसके कई और एपिसोड आ चुके हैं। 2021 में इसे फिर से चालू किया गया, हालाँकि नए कार्टून सोवियत कहानी को सीधा-सीधा नहीं अपनाते। भेड़िया अब खरगोश को खाने की फ़िराक में नहीं रहता।
3D एनीमेशन वाली 'वेल, जस्ट यू वेट! वेकेशन' में, भेड़िया खरगोश को खेल और पढ़ाई में हराने का सपना देखता है, और चार सीज़न बाद भी वह इस पर अड़ा हुआ है।
पिछले साल, 'चेबुराश्का' पर नई कहानियाँ लॉन्च की गईं। और स्टूडियो की एक और पुरानी सीरीज़ 'उमका' नाम के एक पोलर बेयर के बच्चे की कहानी है। 2019 में उसके कारनामों का एक नया एपिसोड आया, जिसमें बताया गया कि वह कैसे न्यू ईयर ट्री के पास पहुँच जाता है। एक साल बाद, एक पूरी सीरीज़ रिलीज़ हुई।
नए प्रोजेक्ट्स
सोयुज़्मुल्तफ़िल्म के युवा दर्शकों के अपने हीरो किरदार हैं। जैसे, सेंट पीटर्सबर्ग का स्कूली छात्र पेत्या, जो भेड़िए के साथ मिलकर परी-कथाओं के किरदारों की मुश्किलें हल करता है। 'ऑरेंज काउ' फ़ैमिली लोगों को ज़िंदगी के असली मसलों को समझने में मदद करती है। स्पेस हैम्स्टर 'ज़िगी' सुपरहीरो बनने का सपना देखता है और शुस्त्रिक के मीटियोराइट से मिली ताकत का उपयोग करता है।
स्टूडियो अपनी खुद की एनिमेटेड फ़िल्में बनाता रहता है और साथ ही 'सोयुज़्मुल्तफ़िल्म' के पुराने किरदारों के कारनामों पर आधारित लंबी फ़िल्में भी बना रहा है। 'द फ़्लाइंग शिप' और 'द ब्रेमेन टाउन म्यूज़िशियन्स' जैसी फ़िल्मों के बड़े पर्दे के एडाप्टेशन भी आ चुके हैं।
बचपन के हीरो दर्शकों के दिल में जगह बनाए रखते हैं, यही वजह है कि 'चेबुराश्का' – जो अब एक फ़िल्मी किरदार है – की कहानी ने हाल ही में बॉक्स ऑफिस के रिकॉर्ड तोड़ दिए। कहानी में एक तूफ़ान उसे उठाकर काला सागर के किनारे बसे एक रिसॉर्ट टाउन में पहुँचा देता है।
स्टूडियो पुरानी एनीमेशन तकनीकों से जुड़ा है, लेकिन नई तकनीकों को भी अपना रहा है। हाल ही में देशभर में एक AI कार्टून प्रतियोगिता शुरू की और जल्द ही एक यूजर प्लेटफ़ॉर्म लॉन्च करने वाला है, जहाँ लोग स्टूडियो के किरदारों और संगीत से छोटी एनिमेटेड फ़िल्में बना सकेंगे।
खुद के पार्क्स और मनोरंजन
स्टूडियो ने अपना खुद का 'डिज़्नीलैंड' बना लिया है – 'सोयुज़्मुल्टपार्क' अब मॉस्को और कज़ान में खुल चुका है, जहाँ लोकप्रिय किरदारों पर आधारित राइड्स हैं। इसके अलावा, वह देश के विभिन्न इलाकों में कई थीम पार्क खोलने की भी योजना बना रहे हैं। इनमें से पहला गोर्नो-अल्ताइस्क के 'मांझेरोक' रिसॉर्ट में और सीमावर्ती शहर ब्लागोवेशचेंस्क में खुल सकता है।
स्टूडियो में 'सोयुज़्मुल्टक्लब' भी है, जहाँ आप इसका इतिहास जान सकते हैं और वर्कशॉप में खुद एनिमेटर बनने का अनुभव ले सकते हैं। और जो लोग एनीमेशन को और गहराई से समझना चाहते हैं, उनके लिए मॉस्को, तयुमेन और कालूगा में एनीमेशन स्कूल हैं।
पिछले साल, स्टूडियो ने मॉस्को के दोमोदेदोवो एयरपोर्ट पर अपना कैफे खोला और 'मुल्तलंदिया' नाम से अपना टीवी चैनल शुरू किया, जिसे हर महीने 15 मिलियन लोग देखते हैं। और कई सालों से स्टूडियो अपने कार्टूनों पर आधारित खिलौने भी बना रहा है, तो अब स्टूडियो की झलक लगभग हर घर में मिल जाती है।