रूस में टैक्स कैसे भरें?

Sergei Elagin/Business Online / TASS
Sergei Elagin/Business Online / TASS
रूस में सिर्फ रूसी नागरिक ही नहीं, बल्कि वो विदेशी भी टैक्स देते हैं जो यहाँ रहते और काम करते हैं। आइए समझते हैं रूस के टैक्स नियम।

कामकाजी लोगों के लिए मुख्य टैक्स है – पर्सनल इनकम टैक्स (PIT या NDFL)। यह आमदनी पर लगता है: तनख्वाह, किराए से आय, लॉटरी, वगैरह। पर टैक्स दर कई बातों पर निर्भर करती है।

टैक्स किसे देना होता है?
रूसी कानून के अनुसार, कोई व्यक्ति टैक्स निवासी तब माना जाता है जब वह किसी कैलेंडर ईयर में कम से कम 183 दिन रूस में रहता है, चाहे उसकी नागरिकता कुछ भी हो। इसका मतलब है कि अगर आपके पास टेम्परेरी या परमानेंट रेज़िडेंट परमिट है, या वर्क वीजा है, और आप रूस में लगातार रहते हैं, तो आप टैक्स रेज़िडेंट कहलायेंगे और आपको रूस और विदेश दोनों जगह की कमाई पर व्यक्तिगत आयकर (पर्सनल इनकम टैक्स) देना होगा (ध्यान रखें कि रूस का कई देशों के साथ समझौता है कि एक ही कमाई पर दोहरा टैक्स न लगे)।

वहीं, अगर आप रूस में 183 दिनों से कम रहते हैं, तो आप नॉन-रेज़िडेंट माने जाएंगे और तब आपको केवल रूस के भीतर होने वाली कमाई पर टैक्स देना होगा, जैसे कि यहाँ कोई फ्लैट किराए पर देना या किसी सिविल कॉन्ट्रैक्ट के तहत काम करना।

प्रोग्रेसिव टैक्स स्केल

Sergei Elagin/Business Online / TASS
Sergei Elagin/Business Online / TASS

रूस में टैक्स निवासियों के लिए व्यक्तिगत आयकर की दर उनकी सालाना कमाई पर निर्भर करती है, जो 13% से लेकर 22% तक हो सकती है। 

  • 13% – सालाना कमाई 2.4 मिलियन रूबल (लगभग $33,000) तक होने पर।
  • 15% – सालाना कमाई 2.4 मिलियन से 5 मिलियन रूबल (लगभग $69,000) के बीच होने पर।
  • 18% – सालाना कमाई 5 मिलियन से 20 मिलियन रूबल (लगभग $276,000) के बीच होने पर।
  • 20% – सालाना कमाई 20 मिलियन से 50 मिलियन रूबल (लगभग $690,000) के बीच होने पर।
  • 22% – सालाना कमाई 50 मिलियन रूबल से अधिक होने पर।

बढ़ी हुई दर सिर्फ उस अतिरिक्त रकम पर लगती है जो सीमा से ऊपर जाती है।

नॉन-रेज़िडेंट के लिए:

  • 30% – हर तरह की और कितनी भी कमाई हो, उस पर 30% टैक्स लगता है।

अगर कोई व्यक्ति रूस में सेल्फ-एम्प्लॉयड  के तौर पर रजिस्टर्ड है, जैसे कि घर पर केक बनाना या  रिपेयरिंग का काम करना, तो उसे व्यक्तिगत आयकर नहीं देना पड़ता, बल्कि उस पर 4% से 6% का प्रोफेशनल इनकम टैक्स लगता है। यह टैक्स अपने आप कैलकुलेट हो जाता है।

 वहीं, अगर कोई इंडिविजुअल एंटरप्रेन्योर है, तो वह सरलीकृत टैक्स प्रणाली चुन सकता है, जिसमें उसे अपनी कुल रेवेन्यू पर 6% या अपने प्रॉफिट पर 15% टैक्स देना होता है।

विदेशियों के लिए लघु व्यवसाय/स्टार्टअप के बारे में जानकारी के लिए आप यहाँ और पढ़ सकते हैं।

कौन अपना टैक्स रिटर्न भरता है?

Konstantin Mikhalchevsky / Sputnik
Konstantin Mikhalchevsky / Sputnik

सबसे पहले, यह उन लोगों पर लागू होता है जो सेल्फ-एम्प्लॉयड हैं। आमतौर पर, नौकरीपेशा लोगों की तनख्वाह से टैक्स पहले ही कट जाता है, इसलिए उन्हें खुद टैक्स रिटर्न नहीं भरना पड़ता।

इसके अलावा, आपको उन कमाइयों पर भी टैक्स देना होता है जो विदेशी स्रोतों से आती हैं, जैसे कि विदेश में कोई फ्लैट किराए पर देना या विदेश से तनख्वाह लेना। साथ ही, अगर आप कोई संपत्ति बेचते हैं जो आपके पास पाँच साल से कम समय से थी (या विरासत में मिलने पर तीन साल से कम समय से थी), तो उस पर भी टैक्स देना होता है। और अगर आप कोई संपत्ति किराए पर देते हैं, तो उससे होने वाली कमाई पर भी टैक्स देना पड़ता है।

प्रॉपर्टी और ट्रांसपोर्ट टैक्स:

रूस में आपको हर साल प्रॉपर्टी टैक्स भी देना होता है, जैसे कि फ्लैट, घर, गैराज आदि पर। यह टैक्स प्रॉपर्टी की कैडस्ट्रल वैल्यू का 0.1% से 0.5% तक होता है, हालाँकि अगर प्रॉपर्टी की कीमत 300 मिलियन रूबल (लगभग 4.2 मिलियन डॉलर) से ज़्यादा है, तो टैक्स दर 2.5% हो जाती है। इसके अलावा, गाड़ी पर भी सालाना टैक्स लगता है, जो ज़्यादातर गाड़ी के इंजन की पावर और आप जिस राज्य में रहते हैं, उस पर निर्भर करता है।

पेमेंट डेडलाइन:

आप फेडरल टैक्स सर्विस की वेबसाइट पर ऑनलाइन टैक्स भर सकते हैं।

  • सेल्फ-रिपोर्टिंग और पर्सनल इनकम टैक्स भरने की आखिरी तारीख: टैक्स ईयर खत्म होने के अगले साल की 15 जून।
  • प्रॉपर्टी टैक्स (रियल एस्टेट, गाड़ी आदि) भरने की आखिरी तारीख: उसी साल की 1 दिसंबर।

अच्छी बात यह है कि रूस में कई तरह के टैक्स डिडक्शन भी मिलते हैं, लेकिन यह सुविधा सिर्फ टैक्स रेज़िडेंट्स के लिए है। आपको पहले से भरे हुए टैक्स में से कितना पैसा वापस मिल सकता है, यह आपकी कमाई और हालात पर निर्भर करता है। मसलन, आप प्रॉपर्टी खरीदने पर, इलाज के पैसे पर, पढ़ाई के खर्च पर या यहाँ तक कि जिम की सदस्यता लेने पर भी टैक्स डिडक्शन का दावा कर सकते हैं।