रूस में 40वां जन्मदिन क्यों नहीं मनाया जाता?
शायद रूसी संस्कृति में किसी भी अन्य नंबर के साथ इतना नकारात्मक प्रभाव नहीं जुड़ा जितना '40' के साथ। लोक मान्यता है कि 40वाँ जन्मदिन नहीं मनाना चाहिए – वरना अगला जन्मदिन नहीं आता । लेकिन, यह तारीख इतनी अशुभ क्यों लगती है?
नंबर 40 धार्मिक ग्रंथों में बार-बार एक ऐसे प्रतीक के रूप में आता है जो कठिन परीक्षाओं के चक्र के पूरा होने को दर्शाता है। उदाहरण के लिए, मूसा ने चालीस सालों तक तक यहूदियों को जंगल का रास्ता दिखाया। महाप्रलय चालीस दिनों तक चला, और ठीक उतने ही दिनों तक यीशु ने जंगल में उपवास किया। पुनरुत्थान के चालीसवें दिन वह स्वर्ग चले गए, और आज भी ईसाई परंपरा में मृतकों को चालीसवें दिन याद किया जाता है – जिसे 'सोरोकोविनी' (sorokoviny) कहते हैं।
आधुनिक नज़रिए से भी यह दिलचस्प है: चालीस साल को जवानी और बुढ़ापे के बीच की दहलीज़ माना जाता है। लोग अक्सर अधेड़ उम्र के उस संकट से बचना चाहते हैं, इसलिए वे इस मौक़े को नहीं मनाते। इसके बजाय, वे एक अलग तरीका अपनाते हैं – वे "39वें साल को अलविदा" कहते हुए जश्न मनाते हैं, यानी चालीस को बिना छुए, उससे एक कदम पहले ही खुशियाँ मना लेते हैं।