रूसी यूनिवर्सिटी की 7 अंतरराष्ट्रीय शाखाएँ
1.MSU-BIT यूनिवर्सिटी, शेनझेन, चीन
यह लोमोनोसोव मॉस्को स्टेट यूनिवर्सिटी (MSU) और बीजिंग इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (BIT) द्वारा स्थापित एक संयुक्त रूसी-चीनी यूनिवर्सिटी है। यह चीन के 'सिलिकॉन वैली' शेनझेन में स्थित है। इसका मुख्य उद्देश्य एशिया-पैसिफिक क्षेत्र के इकोनॉमिक प्रोजेक्ट्स के लिए रूसी शिक्षा के तहत नए प्रोफेशनल्स तैयार करना है।
मुख्य विषयों (कोर डिसिप्लिन्स) के कोर्स MSU के प्रोफेसर द्वारा रूसी भाषा में पढ़ाए जाते हैं। कोर्स चीनी और अंग्रेज़ी में भी उपलब्ध हैं। पढ़ाई के मुख्य क्षेत्रों में 'रूसी भाषा और साहित्य', 'रसायन विज्ञान', 'भौतिकी', 'जीव विज्ञान' और अन्य शामिल हैं।
2. दुबई, UAE में प्लेखानोव रशियन यूनिवर्सिटी ऑफ इकोनॉमिक्स की शाखा
यह हाल के सालों का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है। प्लेखानोव यूनिवर्सिटी की दुबई वाली ब्रांच UAE में पूरा एजुकेशन लाइसेंस पाने वाली पहली रूसी यूनिवर्सिटी बनी है। यहाँ मार्केटिंग, फाइनेंस और डिजिटल बिजनेस की पढ़ाई होती है। ग्रेजुएट्स को रूसी डिग्री के साथ-साथ UAE की इंटरनेशनल डिग्री भी मिलती है।
3.सेंट पीटर्सबर्ग स्टेट यूनिवर्सिटी, काहिरा, मिस्र
मिस्र के छात्र इस SPbU शाखा में शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं। यह रूस की सबसे पुरानी यूनिवर्सिटियों में से एक है और अपनी उच्च-गुणवत्ता वाली शिक्षा के लिए मशहूर है। यह यूनिवर्सिटी 'जनरल मेडिसिन', 'डेंटिस्ट्री' और 'फार्मेसी' में प्रोग्राम ऑफर करती है। अधिकांश कोर्स अंग्रेज़ी में पढ़ाए जाते हैं।यह शाखा मिस्र की मशहूर कंपनी 'मॉडर्न ग्रुप' के साथ पार्टनरशिप में खोली गई थी। ग्रेजुएट्स को सेंट पीटर्सबर्ग स्टेट यूनिवर्सिटी की डिग्री मिलती है।
4. काहिरा, मिस्र में कज़ान फेडरल यूनिवर्सिटी की शाखा
इस शाखा में भी मेडिसिन और फार्मेसी के प्रोग्राम ऑफर किए जाते हैं। मेडिकल छात्रों को एनाटॉमी और मेडिकल फिजिक्स के लिए लैब्स और क्लासरूम मिलते हैं। अधिकांश फैकल्टी रूसी हैं, जो अंग्रेज़ी में पढ़ाते हैं।
5. हवाना, क्यूबा में सदर्न फेडरल यूनिवर्सिटी की शाखा
यह शाखा हवाना यूनिवर्सिटी की एक ऐतिहासिक बिल्डिंग में स्थित है — जो क्यूबा की सबसे पुरानी यूनिवर्सिटी में से एक है। फिलहाल, SFedU की यह शाखा सिर्फ प्रोफेशनल एजुकेशन कोर्सेज ऑफर करती है। छात्र यहाँ रूसी भाषा सीख सकते हैं और रूसी यूनिवर्सिटी में एडमिशन की तैयारी कर सकते हैं।
6. उलान बतोर, मंगोलिया में प्लेखानोव रशियन यूनिवर्सिटी ऑफ इकोनॉमिक्स की शाखा
यह शाखा 1999 में दोनों देशों के बीच एक सरकारी समझौते के तहत खोली गई थी। सारे कोर्स रूसी भाषा में और रूसी स्टैंडर्ड के हिसाब से पढ़ाए जाते हैं। पढ़ाई के मुख्य क्षेत्रों में 'फाइनेंस और क्रेडिट', 'बिजनेस स्टैटिस्टिक्स एंड एनालिटिक्स' और 'इंटरनेशनल ट्रेड' शामिल हैं।
7. बोल्शोई थिएटर स्कूल, ब्राज़ील
यह रूस के स्टेट अकादमिक बोल्शोई थिएटर से अफिलिएटेड दुनिया का एकमात्र ऑफिशियल विदेशी स्कूल है। यह ब्राज़ील के सांता कैटरीना राज्य के दक्षिणी शहर जोइनविले में स्थित है।
यह स्कूल 2000 में खोला गया था। पूरे देश के प्रतिभाशाली बच्चे यहाँ क्लासिकल बैले की सीखते हैं। क्लासेज़ पुर्तगाली भाषा में रूसी प्रोग्राम के अनुसार होती हैं, जिन्हें रूस और ब्राज़ील के शिक्षकों द्वारा पढ़ाया जाता है। बैले की बुनियादी बातें बेहतर समझने के लिए छात्रों को रूसी भाषा सीखने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। ग्रेजुएट्स दुनिया के प्रमुख थिएटर में परफॉर्म करते हैं, जिनमें निश्चित रूप से मॉस्को का बोल्शोई थिएटर भी शामिल है।