रूस की 7 ऐसी जगहें, जहाँ आपको भालू दिख सकते हैं!
- साउथ कमचातका नेचर रिजर्व, कमचातका क्राय
दुनिया में सबसे ज़्यादा भालू दक्षिणी कमचातका में, कुरील झील के पास पाए जाते हैं। खासकर जब सैल्मन मछली अंडे देने आती है, तो वहाँ दर्जनों और कभी-कभी सैकड़ों भूरे भालू ताज़ी मछली खाने के लिए जमा हो जाते हैं। पर्यटक भी इस नज़ारे को देख सकते हैं। कमचातका में ऐसे टूर कराए जाते हैं। जब भालू खाने में मस्त होते हैं, तो वे लोगों पर ध्यान नहीं देते, फिर भी उनके सामने बहुत ज़्यादा घूमना-फिरना नहीं चाहिए।
- क्रोनोत्स्की नेचर रिजर्व, कमचातका क्राय
भूरे भालुओं का एक और पसंदीदा ठिकाना है कमचातका का क्रोनोत्स्की रिजर्व। वहाँ करीब 700 भालू रहते हैं, और सभी सरकारी संरक्षण में हैं। मछली और बेर की भरमार होने के कारण, भालू लोगों को ज़्यादा परेशान नहीं करते। यह रिजर्व सिर्फ भालुओं के लिए ही नहीं, बल्कि 'वैली ऑफ गीजर्स' के लिए भी मशहूर है, जो रूस के प्राकृतिक अजूबों में से एक है।
- कोनी प्रायद्वीप, मगादान क्षेत्र
मगादान क्षेत्र में बहुत सारे जंगल हैं, जहाँ भूरे भालू रहते हैं। लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार, भालुओं की सबसे ज़्यादा संख्या कोनी प्रायद्वीप पर है, जो मगादान स्टेट नेचर रिज़र्व का हिस्सा है। यह एक ऊबड़-खाबड़, पथरीली जगह है, जहाँ रिजर्व के कर्मचारियों और पर्यटकों के अलावा कोई नहीं रहता। गर्मियों में, जब गुलाबी सैल्मन अंडे देने आती है, तो भालू नदियों के किनारे इकट्ठा होते हैं और बड़ी-बड़ी मछलियाँ पकड़कर सबको हैरान कर देते हैं।
- रैंगल आइलैंड, चुकोत्का ऑटोनॉमस ओक्रुग
आर्कटिक महासागर में बसा यह दूर-दराज़ द्वीप अक्सर पोलर बेयर की “जन्मभूमि” कहलाता है। हर साल, यहाँ सैकड़ों बच्चे पैदा होते हैं। वैज्ञानिक नियमित रूप से हवाई मॉनिटरिंग और सर्वेक्षण करते हैं और कई मांदों का पता लगाते हैं। पोलर बेयर सिर्फ़ बच्चे पैदा करने के लिए ही माँद बनाते हैं, इसलिए वे ध्यान से सुरक्षित जगह चुनते हैं, जहाँ बसंत तक कोई उन्हें परेशान न करे।
- ‘बेयर आइलैंड्स’ नेचर रिजर्व, याकुतिया
ध्रुवीय भालुओं का एक और पसंदीदा ठिकाना पूर्वी साइबेरियाई सागर में छह छोटे द्वीपों का आर्कटिक द्वीपसमूह है। इसका नाम ही काफी कुछ बता देता है। इन द्वीपों पर कई मांदें हैं, लगभग हर दो वर्ग किलोमीटर पर एक। ये जगहें बहुत दूर-दराज़ हैं। नज़दीकी बस्ती समुद्री रास्ते से 100 किलोमीटर से ज़्यादा दूर है।
- ‘उदेगे लीजेंड’ नेशनल पार्क, प्रिमोर्स्की क्राय
रूसी फ़ार ईस्ट में स्थित यह नेशनल पार्क भूरे भालू और हिमालयी काले भालू दोनों का घर है। 2026 में, वहाँ हिमालयी काले भालुओं की गिनती के लिए एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया गया, जिसमें उनकी छाती पर मौजूद खास सफेद निशानों से पहचान की जाती है। कैमरा ट्रैप इन्हें ढूँढने में मदद करते हैं।
- बोलशेखेख्त्सिर्स्की नेचर रिजर्व, खबरोव्स्क क्राय
इस रिजर्व में भी हिमालयी और भूरे दोनों तरह के भालू पाए जाते हैं। खास बात यह है कि यह खबरोव्स्क शहर से सिर्फ 20 किलोमीटर दूर है। भालू कभी-कभी शहर के बाहर ग्रामीण इलाकों में शहद और ताज़े बेर खाने के लिए निकल आते हैं। बाकी जगहों की तरह, इस रिजर्व को भी बिना अनुभवी गाइड और समूह के नहीं जाना चाहिए, ताकि किसी अप्रिय स्थिति या मुठभेड़ से बचा जा सके!