वसीली पेरोव की पेंटिंग में आख़िर हो क्या रहा है?

Vasily Perov/Tretyakov gallery
Vasily Perov/Tretyakov gallery
यह पेंटिंग बेहद दर्द भरी है, स्थिति भयावह है। ऐसा लगता है कि हाथ में रुमाल लिए यह लड़की अभी रो पड़ेगी। लेकिन आख़िर यह मज़दूर उस पर और उसकी माँ पर चिल्ला क्यों रहा है?

प्रतिभाशाली कलाकार वसीली पेरोव के बारे में चर्चा 1857 में तब शुरू हुई जब उन्होंने जनता के सामने "प्रिएज़्द स्नातानोवोगो स्लेद्तविए" पेंटिंग पेश की। आलोचकों ने उन्हें पहले से ही प्रसिद्ध पावेल फेदोतोव का उत्तराधिकारी बताया, जिनकी जीवनशैली पर आधारित पेंटिंग्स विभिन्न वर्गों के जीवन को सटीक और व्यंग्यपूर्ण ढंग से दिखाती थीं।

Vasily Perov/Tretyakov gallery
Vasily Perov/Tretyakov gallery

1864 में पेरोव यूरोप की दो साल की छात्रवृत्ति यात्रा से लौटे। मॉस्को में बसने के बाद उनकी पहली रचना यही पेंटिंग "द्वोर्निक, ओत्दायुश्ची क्वार्तीरु बारिनिए" (दरबान, जो मकान मालकिन को किराये का कमरा दे रहा है) बनी।

जीवन की सच्चाई

Vasily Perov/Tretyakokv gallery
Vasily Perov/Tretyakokv gallery

एक बिना जूते का आदमी, जो क़रीब-क़रीब नशे में है, दो महिलाओं - ज़ाहिर है माँ और बेटी - पर चिल्ला रहा है। वह दरवाज़े पर खड़ा मुंह बना रहा है और खुजला रहा है, और महिला को उससे बात जारी रखने के लिए सिर उठाना पड़ रहा है। उसकी बेटी बेचैनी से मुंह फेर चुकी है - जिस तरह से वह अपने हाथों में रुमाल मसल रही है, उससे साफ़ है कि यह स्थिति उसके लिए कितना मुश्किल है।

इस कहानी की पृष्ठभूमि को समझने के लिए पेंटिंग के बनने के समय - 1864-1865 - पर ध्यान देना ज़रूरी है। रूस में कृषि दास प्रथा के ख़त्म होने को अभी कुछ ही साल हुए थे। कई ज़मींदार दिवालिया हो गए, क्योंकि वे पहले की तरह खेती नहीं कर पा रहे थे। उन्हें अपनी ज़मीनें बेचनी पड़ीं, और पैसे ख़त्म होने पर खुद कमाने का तरीका ढूंढना पड़ा। रहने की जगह भी बदलनी पड़ी, साधारण अपार्टमेंट्स में शिफ्ट होना पड़ा। शायद पेरोव की पेंटिंग की नायिकाओं के साथ भी ऐसा ही हुआ है।

अपनी जगह पहचानो

Vasily Perov/Tretyakov gallery
Vasily Perov/Tretyakov gallery

ज़ाहिर है, महिला और उसकी बेटी शहर के बाहरी इलाके में कहीं किराये के मकान में घर ढूंढ रही हैं। क्रांति से पहले, इनमें पहली मंजिल पर दुकानें होती थीं, दूसरी-तीसरी पर अमीर किरायेदार रहते थे। जितनी ऊपर की मंजिल, किरायेदारों की हैसियत उतनी ही कम। लगता है, गरीब हुई इन महिलाओं को छत के नीचे वाली कमबख्त कोठरी के सिवा कुछ नहीं मिल सकता। इसीलिए दरबान हाथ से कहीं ऊपर की तरफ़ इशारा कर रहा है।

कमरों की चाबियाँ भी उसी से लेनी पड़ती थीं। यह आदमी सिर्फ़ आंगन की सफ़ाई नहीं करता था। बल्कि, वह मकान मालिक के मैनेजर या किराये के मकान के प्रधान का काम करता था। सार्वजनिक व्यवस्था का ध्यान रखता, संभावित किरायेदारों को घर दिखाता, किराया वसूलता, किरायेदारों के पासपोर्ट पुलिस स्टेशन में रजिस्ट्रेशन के लिए ले जाता था।

कुल मिलाकर, दरबान एक अहम आदमी था - बेवजह नहीं कि उसके कमरे पर गर्व से लिखा है "कोद्वोर्निकु" (यानी, "दरबान के पास")। और उसका अपना व्यवहार शायद बेहतरीन नहीं होता था।

Vasily Perov/Yaroslavl Art Museum
Vasily Perov/Yaroslavl Art Museum

"ग्रिगोरी को कभी-कभी चिल्लाना पसंद है, कभी-कभी गुस्सा दिखाना भी; लेकिन उतनी ही खुशी से शांत भी हो जाता है, बस मुंह फेर कर बड़बड़ाने, और पीठ पीछे गाली देने भर से ही संतुष्ट हो जाता है," रूसी भाषा के शब्दकोश के लेखक व्लादिमीर दाल ने दरबान के बारे में अपने निबंध में लिखा।

1878 में पेरोव ने इस पेंटिंग का दूसरा वर्जन बनाया, जहाँ उन्होंने नायिकाओं को और भी गरीब, और दरबान को और भी घिनौना दिखाया।

और पढ़ें