GW2RU
GW2RU

सोवियत संघ में किताबों की कमी क्यों थी?

Fred Greenberg / Sputnik
"दुनिया के सबसे ज्यादा पढ़ाकू देश" में अच्छी किताब मिलना आसान नहीं था।

ऐसा नहीं कि दुकानों की अलमारियाँ खाली पड़ी थीं। उलटे, वे मार्क्सवाद-लेनिनवाद और सोशलिस्ट रियलिज़्म (जिसे फ्योदोर ग्लादकोव के उपन्यास के शीर्षक के आधार पर “सीमेंट” कहा जाता है) की क्लासिक किताबों से भरी हुई थीं।  लेकिन उनकी माँग नहीं थी। वहीं, जिन किताबों में सच में दिलचस्पी थी, वे 28 करोड़ की आबादी के लिए मुश्किल से एक लाख प्रतियों में छपती थीं। यानी न सिर्फ कम थीं, बल्कि बड़े शहरों में दुकानों तक नहीं पहुँच पाती थीं। तो सवाल उठता है – आखिर इतनी माँग वाली किताबें ज़्यादा क्यों नहीं छापी जाती थीं?

किताबों की तंगी

राज्य की नीति में रीडर की डिमांड से ऊपर विचारधारा को प्राथमिकता मिलती थी। सोवियत संघ में किताबें वो नहीं छपती थीं जो लोग पढ़ना चाहते थे। छपती थीं वो जो सरकार चाहती थी। दो एजेंसियाँ थीं – 'ग्लैवलिट' और 'गोस्कोमिज़दात'। ये दोनों मिलकर हर छपी चीज़ पर नज़र रखती थीं। डाक टिकट से लेकर कैलेंडर तक – सब चेक होता था।

ग्राम अकबुलक के ज़िला परिषद प्रतिनिधि
Alexey Poddubny / TASS

उनकी प्राथमिकता वह साहित्य नहीं होता था जिसे लोग पढ़ना चाहते थे (जो ज़्यादा से ज़्यादा मनोरंजक और कम से कम हानिकारक होता था), बल्कि वह साहित्य जिसकी राज्य को अपने विचारधारात्मक लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए ज़रूरत होती थी। नतीजा यह होता था कि सबसे बड़े प्रिंट रन और सबसे बढ़िया कागज़ व्लादिमीर लेनिन, राज्य नेताओं और पार्टी कांग्रेस  के बहु-खंडीय संग्रह के लिए सुरक्षित रखे जाते थे, जबकि अलेक्ज़ेंडर डुमास या स्ट्रुगात्स्की ब्रदर्स की किताबें महज़ "सोने पे सुहागा" होती थीं।

उत्पादन की भी वजहें थीं – एक समय अच्छे कागज़ की कमी हो गई थी, और छपाई की क्षमता भी कम थी। पहले विचारधारात्मक कमीशन आते, बाकी बचे-खुचे समय में छपते।

इसी असंतुलन ने एक अनोखी "किताबों की तंगी"  पैदा कर दी – यानी कमी सब किताबों की नहीं, बल्कि सिर्फ उन श्रेणियों की होती थी जिन्हें लोग सबसे ज़्यादा चाहते थे। और इसी ने एक और चीज़ को जन्म दिया: दुर्लभ किताब सिर्फ ज्ञान का ज़रिया नहीं बल्कि प्रतिष्ठा का प्रतीक बन गई। घर में अलेक्ज़ेंडर डुमास, आर्थर कोनान डॉयल, जूल्स वर्न, मेन रीड, लियो  टॉल्सटॉय या फ़्योदोर दोस्तोयेव्स्की का सेट होना उतना ही बड़ा दर्जा था जितना कि क्रिस्टल का शैन्डेलियर, कैबिनेट या 'मैडोना' डिनर सेट।

रीडर  क्या सपने देखते थे?

पश्चिमी और विदेशी क्लासिक्स, साइंस फिक्शन और  डिटेक्टिव नॉवेल्स रीडर्स को आकर्षित करते थे। उनके प्रिंट रन कम होते थे और हर नई किताब के लिए होड़ मच जाती थी। कुछ सबसे लोकप्रिय सीरीज़:

इवानोवो स्टेट यूनिवर्सिटी। बुक स्टॉल पर।
Boris Kaufman / Sputnik

– द लाइब्रेरी ऑफ वर्ल्ड लिटरेचर’ – 200 भागों वाली यह सीरीज़ साहित्यिक प्रतिष्ठा का शिखर थी। ‘द इलियड’ से लेकर ‘रॉबिनसन क्रूसो’ तक, ‘द डिवाइन कॉमेडी’ से लेकर ‘फॉस्ट’ तक, अफ्रीकी कविता से लेकर रिल्के तक – हर समय और हर जाति के सबसे महत्वपूर्ण साहित्य का संग्रह! इसे दुकानों से खरीद पाना लगभग नामुमकिन था, और ब्लैक मार्केट में इस सेट की कीमत 10,000 रूबल थी – जो उस समय एक नई GAZ-24 वोल्गा कार के बराबर थी।

– सबसे मशहूर और पसंदीदा सीरीज़। लाखों प्रतियाँ छपती थीं, फिर भी माँग भारी थी।

– ‘फॉरेन साइंस फिक्शन’ – इसी सीरीज़ ने सोवियत पाठकों को आइज़ैक असिमोव, रे ब्रैडबरी और रॉबर्ट शेक्ली से मिलवाया। किताबें हाथों-हाथ उड़ती थीं, और चोरबाज़ार में 1.5-3 रूबल की किताब कभी-कभी 20-25 रूबल में बिकती थी।

– ‘मास्टर्स ऑफ सोवियत डिटेक्टिव फिक्शन’ – वाइनर ब्रदर्स, अर्कडी अदामोव और युलियान सेम्योनोव के जासूसी उपन्यास बेहद लोकप्रिय थे। ये किताबें सबसे कीमती होती थीं।

लोग किताबें  "कैसे" पाते  थे

सोवियत संघ में किताबों की कमी ने एक पूरे अनौपचारिक कल्चर  को जन्म दे दिया। "पैसे से खरीदना" हमेशा काम नहीं आता  था। किताबें  बाँटने की प्रक्रिया  इतनी जटिल थी कि रीडर  असली बुक हंटर बन गए थे।  वे तरह-तरह के हथकंडे अपनाते थे – कानूनी से गैरकानूनी तक।

विश्व साहित्य पुस्तकालय" सीरीज़ की पुस्तकें: फ्रांसीसी लेखकों (पी.-जे. बेरांजे, एफ. रबेले, वोल्टेयर, ए. बाल्ज़ाक, एफ. दे ला रोशफूको और अन्य) के रचना-संग्रह
Sergey Subbotin / Sputnik
  1. वेस्ट पेपर

कई किलो बेकार रद्दी  जमा करो, बदले में डुमास या कोनान डॉयल का एक कलेक्टेड वर्क्स खरीदने का वाउचर पाओ। कूड़े से खज़ाना बनाने का यह सबसे बड़ा और कानूनी ज़रिया था।

  1. बिजनेस ट्रिप

सोवियत संघ  में योजनाबद्ध अर्थव्यवस्था थी, जो डिमांड पर नहीं चलती थी। सारी किताबें पूरे देश में "बराबर-बराबर  भेजि जाती थीं"। नतीजा यह होता था कि जो प्रकाशन राजधानी और बड़े शहरों की दुकानों तक नहीं पहुँच पाते थे, वही किताबें देश के दूर-दराज़ के कोनों में आसानी से मिल जाती थीं। वहीं  लकी बुक हंटर्स उन्हें ढूँढ लेते थे।

इसके अलावा, रूसी भाषा को बढ़ावा देने और फैलाने के लिए पूर्वी ब्लॉक  के देशों में किताबों की भारी खेप भेजी जाती थी। और जो भाग्यशाली लोग विदेश यात्रा कर पाते थे, वे पूर्वी बर्लिन, प्राग  या सोफिया से सूटकेस भरकर किताबें वापस लाते थे।

  1. किताबों की अदला-बदली

लोग लाइब्रेरी के बुलेटिन बोर्ड, बुक क्लब और यहाँ तक कि अखबारों के ज़रिए किताबों का लेन-देन करते थे। इस सिस्टम ने "एक्सचेंज वैल्यू" की एक जटिल स्तर-व्यवस्था खड़ी कर दी थी । लेन-देन दर कभी-कभी हास्यास्पद स्तर पर पहुँच जाती थी, जैसे — "ब्रेझनेव के ढेर सारे कलेक्टेड वर्क्स देकर डुमास लो।"

स्कूल नंबर 2 के पायनियर रद्दी कागज़ इकट्ठा करते हुए
Dushein / Sputnik
  1. सब्सक्रिप्शन

ऑल-यूनियन वॉलंटरी सोसाइटी ऑफ बुक लवर्स ने एक सब्सक्रिप्शन सीरीज़ शुरू की थी। लेकिन इस सब्सक्रिप्शन में जगह पाना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि थी: यह उद्योगों में पार्टी और ट्रेड यूनियन सेल के ज़रिए बाँटी जाती थी। प्रिंट रन पहले से तय होता था, और एक साधारण रिसर्च इंस्टीट्यूट का कर्मचारी आमतौर पर सिर्फ बचा-खुचा ही पाता था।

  1. सिफारिश और कनेक्शन

समाजवाद के दौर में, निजी कनेक्शन का मतलब पैसे से ज़्यादा होता था। अधिकतर दुर्लभ किताबें दुकानों की अलमारियों तक नहीं पहुँचती थीं, बल्कि "बैक डोर" के रास्ते "सही लोगों" तक भेज दी जाती थीं। किसी दुकान के मैनेजर या मर्चेंडाइज़र से दोस्ती होने का मतलब था — नई किताबों तक पहुँच। प्रकाशन घरों और प्रिंटिंग प्रेस के कर्मचारी "प्रीव्यू कॉपीज़" और अनरजिस्टर्ड डिफेक्टिव किताबें भी चुराकर या तस्करी से बाहर निकाल लेते थे, जो बाद में कलेक्टर्स के हाथ लगती थीं।

  1. ब्लैक मार्केट

अगर किसी के पास "कनेक्शन" नहीं होते थे, तो पैसे काम आते थे – और अक्सर बहुत सारा पैसा। पेशेवर अपने चैनलों से दुर्लभ किताबें खरीदते थे और फिर उन्हें उनकी असली कीमत से तीन से दस गुना ज़्यादा दाम पर बेचते थे। ये सौदे अंडरहैंड यानी चुपके-चुपके किए जाते थे — सीधे किताबों की दुकानों के बाहर छोटे पार्कों में।

मॉस्को के एक बुकस्टोर में
Sergey Solovyov / Sputnik

हर बड़े शहर में सहज फ्ली मार्केट भी लगते थे। मॉस्को में, कुज़नेत्स्की मोस्त पर स्थित ‘बुकिनिस्ट’ किताबघर के पास और गोरबुनोव कल्चरल सेंटर  के पास की जगहे प्रसिद्ध थी।

***

किताबों के इस कठिन बुक कल्चर ने सोवियत संघ  में एक अनोखा वातावरण बना दिया था: लोग सिर्फ किताबें पढ़ते नहीं थे (कभी-कभी एक रात में  खत्म कर डालते थे), उन्हें दोबारा पढ़ते थे, पूरी किताब अपने हाथ से कॉपी करते थे, उन पर  नोक-झोंक और झगड़े होते थे, और यहाँ तक कि लोग किताबों की वजह से शादी भी कर लेते थे और तलाक भी। किताबें इंसानी जीवन का अंतिम पैमाना थीं।

और पढ़ें